मैंने प्यार किया। जी हां 90 के दशक में लोगों को प्यार का मायने सिखाने वाली, यह फिल्म 1989 में आई। इस फिल्म में सलमान खान और भाग्यश्री ने बेहतरीन अभिनय करके, ना सिर्फ करोड़ों लोगों का दिल जीता बल्कि उन्हें प्यार करने का मतलब भी सिखाया। आपको बता दें कि मैंने प्यार किया सलमान खान और भाग्यश्री की पहली फिल्म थी। इसके बावजूद इन्होंने ऐसा काम किया है, जिसे देखकर लोग आज भी इनकी तारीफ करने से नहीं थकते।
मैंने प्यार किया एक प्रेम कहानी के साथ पारिवारिक फिल्म भी थी। इसे आप कभी भी, कहीं भी देख सकते थे। आज हम आपको इस फिल्म से जुड़े कुछ ऐसे अनकहे किस्से बताने जा रहे हैं, जिसे शायद ही आप जानते हों।
आपको बता दें कि भाग्यश्री शुरू से ही शांत स्वभाव और शर्मीली मिजाज की लड़की थी और वही सलमान खान शरारती लड़कों में से एक थे। उन्हें भाग्यश्री को छेड़ने और उनके साथ शरारत करने में बहुत मजा आता था। वैसे तो सलमान यह सब भाग्यश्री और सेट पर मौजूद लोगों के मन बहलाने और माहौल को खुशनुमा बनाने के लिए किया करते थे। लेकिन उनके ऐसा करने से भाग्यश्री बहुत ही परेशान और दुविधा में पड़ जाती थी।
आपने अगर फिल्म को ध्यान से देखा होगा तो भाग्यश्री ने दौड़ कर सलमान को एक बार गले से लगाया था। यह सीन देखने में जितना ही भावुक है, उसे करने में भाग्यश्री को उतनी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा था क्योंकि इस फिल्म से पहले भाग्यश्री ने किसी भी आदमी को गले से नहीं लगाया था।
भाग्यश्री एक बहुत ही सम्मानित परिवार से ताल्लुक रखती हैं और उन्हें डर था कि इस सीन को देखकर उनके घर वाली किस तरह रिएक्ट करेंगे। फिर भी काफी जद्दोजहद के बाद भाग्यश्री इस सीन को करने के लिए तैयार हो गई।
जो आगे चलकर इस मूवी की जान बना। वैसे तो इस फिल्म को फिल्म जगत में आए तकरीबन 29 साल हो चुके हैं। फिर भी यह फिल्म आज भी भाग्यश्री और सलमान के लिए बहुत खास है। इस फिल्म की तुलना में वह अपनी किसी दूसरी फिल्म को नहीं देख सकते। यह सिर्फ उनके लिए नहीं बल्कि हमारे भी पसंदीदा फिल्मों की सूची में से एक है।